बागेश्वर: जिला अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) भारत सरकार के ‘ईट राइट इंडिया मूवमेंट’ के तहत राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, बाहुली में सुरक्षित एवं पोषक खाद्य नवाचार विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 125 विद्यार्थियों को संतुलित आहार, खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छ खानपान की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त विद्यालय के 12 अध्यापकों को ‘ईट राइट स्कूल’ प्रमाणीकरण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया एवं प्रमाण पत्र प्राप्त करने संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में संचालित कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। कैंटीन संचालक को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत न्याय निर्णायक अधिकारी की न्यायालय में लंबित एक मामले में खुले में गाय का दूध बेचने पर 5,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। जिला अभिहित अधिकारी प्रकाश फुलारा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच अभियान निरंतर जारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








