logo

डीएम का तहसील कांडा में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, तहसीलदार सहित कर्मचारियों के वेतन पर रोक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिले में शासकीय कार्यों की निगरानी को लेकर आकांक्षा कोंडे, जिलाधिकारी बागेश्वर ने गुरुवार को तहसील कांडा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति में कई अनियमितताएं सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, डिस्पैच रजिस्टर और पत्र प्राप्ति रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का परीक्षण किया। कार्यालयीय कार्यों में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार से लेकर अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए तथा स्पष्टीकरण तलब किया।
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं। कंट्रोल रूम का फोन भी बंद मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड कर्मियों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जगदीश गिरी, प्रभारी तहसीलदार, के कार्यालय में देर से पहुंचने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए उनके वेतन रोकने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आरके सेक्शन में अभिलेखों की जांच के दौरान आपदा मद में वितरित धनराशि, जीपीएफ और सेवा पुस्तिकाओं के संधारण की स्थिति का भी परीक्षण किया गया।
दस्तावेजों के समुचित संधारण न होने पर जिलाधिकारी ने बिलों और भुगतान से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा अलाव के लिए प्रयुक्त लकड़ी और कंबल वितरण से संबंधित बिलों का भी परीक्षण किया गया। पेशकार से केस डायरी का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर के समीप निर्माणाधीन न्यायालय भवन और आवासीय भवन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आमजन को समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share on whatsapp