बागेश्वर में इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा राष्ट्रीय नव प्रतिष्ठान भारत के तत्वाधान में विद्यालयी शिक्षा में बच्चों के भीतर रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किए जाने वाले इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 2024 का आयोजन विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में किया गया। प्रदर्शनी में भावी वैज्ञानिकों ने कई मॉडल प्रस्तुत किए। इस प्रदर्शनी में शामिल होने वाले बाल वैज्ञानिक, राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान भारत की सदस्य डॉ. गरिमा तथा डायट प्राचार्य समेत डॉ. दिनेश चन्द्र सती और जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक विनय कुमार ने किया। इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता की परिक्षक वैज्ञानिक गरिमा ने कहा कि सरकार का सपना पूरे भारत के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान का युग है और विज्ञान के क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि एक नया विचार विद्यार्थियों के जीवन महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकता है। आइडिया इस तरह के हों जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ ही समाज में कामगारों, किसानों, शिक्षकों, व्यापारियों, मजदूरों की बेहतरी के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकें। डाॅ. गरिमा ने इंस्पायर अवार्ड में चयनित होने वाले प्रर्दशों की मूल्यांकन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
वहीं जिला समन्वयक राजीव निगम ने बताया कि इस वर्ष जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 50 बच्चों का चयन हुआ है जिन्हें अपने प्रदर्शन बनाने के लिए एक मुक्त दस हजार की धनराशि भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई है। जनपद स्तर से चयनित विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे और उसके बाद इनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होगा।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के पचास विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हें वैज्ञानिकों ने अपने मॉडलों में वाटर सिस्टम, एनर्जी सेल्फ़ डिपेंडेंट हाउस, जल संरक्षण, विंड पावर जनरेशन, आधुनिक कृषि समेत अन्य प्रोजेक्ट शामिल किए। छात्र-छात्राओं ने बताया कि उनके द्वारा जो भी मॉडल बनाए गए हैं वो समाज हित में उपयोगी हैं। इस अवसर पर रश्मि मेहता, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, संगम साह, जितेन्द्र वर्मा,रुचि बंसल, सुनीता आर्या, नवीन चन्द्र जोशी, गीता रावत, जिला समन्वयक किरन जोशी, दीप चन्द्र नैनवाल समेत सभी मार्गदर्शक अध्यापक तथा विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक, इंस्पायर अवार्ड, राजीव निगम द्वारा किया गया।