logo

देवतोली इंटर कॉलेज की समस्याओं को लेकर जिला कार्यालय में प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : देवतोली इंटर कालेज में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने समेत विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों और अभिभावकों ने जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से विद्यालय की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज देवतोली में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक पद लंबे समय से रिक्त हैं। इससे इंटर स्तर पर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान विषयों की पढ़ाई विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है, ऐसे में शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने विद्यालय परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े जीर्ण-शीर्ण भवनों का निरीक्षण कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पुराने भवनों के स्थान पर सुरक्षित और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का विकास किया जाना जरूरी है। इसके अलावा देवतोली में मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिनी स्टेडियम बनने से विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। अभिभावक शिक्षक संघ अध्यक्ष पूरन सिंह भौयार्ल ने कहा कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासन से रिक्त शिक्षक पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने, जीर्ण-शीर्ण भवनों के ध्वस्तीकरण तथा मिनी स्टेडियम निर्माण की दिशा में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन में नरेन्द्र सिंह, पंकज डसीला, चंदन राम, शंकर राम समेत क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Share on whatsapp