logo

चंतोला-पोस्ताला-बेरीनाग सड़क के डामरीकरण की मांग तेज, संघर्ष समिति ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

कांडा। चंतोला-पोस्ताला-बेरीनाग सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क की स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके बाद समिति ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सांसद अजय टम्टा को ज्ञापन सौंपकर डामरीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष डीआर टम्टा ने कहा कि सड़क के डामरीकरण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। बदहाल सड़क के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति के अनुसार सड़क के डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक का आगणन तैयार किया जा चुका है।
समिति ने बताया कि कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने देहरादून में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के साथ सड़क को लेकर चर्चा की है। इसके बाद अक्टूबर माह में टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन मिला है। वहीं दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने भी दूरभाष पर समिति के सदस्यों से वार्ता कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
सांसद अजय टम्टा ने भी समिति के सदस्यों से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। समिति ने मांग की कि स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और निर्धारित समय पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाए।
डंपिंग जोन हटाने की भी मांग
बैठक में बेरीनाग-पोस्ताला-चंतोला सड़क पर वर्षों से बनाए गए डंपिंग जोन को हटाने की मांग भी उठाई गई। समिति ने कहा कि डंपिंग जोन के कारण सड़क और आसपास के क्षेत्र में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसे भी जल्द हटाया जाना जरूरी है।
समिति ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिले आश्वासन के बाद फिलहाल आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। यदि अक्टूबर में टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ बैठक कर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। बैठक में पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदन बाफिला, दीपक धानिक, दीपक कार्की समेत संघर्ष समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।

Share on whatsapp