logo

210 करोड़ की कथित वित्तीय अनियमितता पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की मांग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : प्रदेश में 210 करोड़ की कथित वित्तीय अनियमितता के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंत्री रेखा आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी बागेश्वर ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जांच पूरी होने तक मंत्री को पद से बर्खास्त करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

कांग्रेस पार्टी ने बागेश्वर के एसबीआई तिराहे पर मंत्री रेखा आर्य का पुतला दहन किया। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने मंत्री रेखा आर्य और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर राज्य को लूटा है और करोड़ों रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होने तक रेखा आर्य को मंत्री पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। टम्टा ने मामले में जांच के जरिए तथ्यों को सामने लाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा की कांग्रेस इस प्रकरण को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने पर जोर दे रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कहा कि रेखा आर्य और उनके पति साहू ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों का नहीं, बल्कि संबंधित पक्षों के बीच सामने आए आरोपों का है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। भट्ट ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जानी चाहिए और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, लोकमणि पाठक, बालकृष्ण, गैरी परिहार आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp