बागेश्वर। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन चन्द्र भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों में गैस सिलेंडर की कीमतों में कुल ₹1518 की बेतहाशा बढ़ोतरी की गई है, जबकि इसी महीने एक साथ ₹993 की वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि महंगाई लगातार आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। जिलाध्यक्ष अर्जुन चन्द्र भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार केवल चुनाव जीतने की राजनीति में लगी है और उसे आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज महंगाई से त्रस्त है। हर वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल राजनीतिक लाभ में जुटी हुई है। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और पूर्व जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्ग का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर प्रवासी मजदूर और वे लोग जो बाहर रहकर होटल-रेस्टोरेंट पर निर्भर हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, बालकृष्ण, विनोद पाठक,कुंदन गोस्वामी,मनोज साह आदि मौजूद रहे।








