logo

नुमाइशखेत में खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : बागेश्वर नगर के नुमाइशखेत क्षेत्र में अराजक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला नुमाइशखेत मैदान के समीप का है, जहां बीती रात घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो कार में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार नुमाइशखेत निवासी दीपक उपाध्याय की स्कॉर्पियो वाहन घर के पास खड़ी थी। शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने वाहन को निशाना बनाते हुए उसका शीशा तोड़ दिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार सुबह जब परिजनों की नजर वाहन पर पड़ी तो घटना का पता चला। पीड़ित का कहना है कि यह घटना किसी की सोची-समझी हरकत प्रतीत होती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। घटना के बाद परिवार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने नुमाइशखेत और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और स्थानीय लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  क्वैराली के बहुउद्देशीय शिविर में 46 शिकायतों का निस्तारण, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
Ad
Share on whatsapp