logo

बागेश्वर में दबंगों का उत्पात,टैक्सी चालक समेत तीन लोगों पर हमला, 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर के कांडा रोड स्थित एक बार के सामने दबंगों द्वारा जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने एक टैक्सी चालक और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिमलगांव (गुरना) निवासी अंकित नगरकोटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अप्रैल की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह अपने दोस्त प्रदीप पिलख्वाल के साथ कांडा रोड पर खड़ा था। इसी दौरान दीपक कठायत, सचितन कठायत, नीरू कठायत, पवन कठायत और अंकुर रौतेला अपने 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचे और उनके टैक्सी चालक उमेश तिवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि जब अंकित और प्रदीप ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में अंकित और प्रदीप के सिर, आंख, गले, हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावर मारपीट के दौरान लगातार गाली-गलौज करते रहे और भीड़ जुटने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को भूपेश तिवारी द्वारा जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इसके बाद पीड़ितों ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।

Share on whatsapp