logo

बागेश्वर में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई,2 मेडिकल स्टोरों पर तत्काल रोक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : बागेश्वर में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर औषधि विभाग ने गरुड़ एवं बैजनाथ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। अपर आयुक्त औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देश पर औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में CCTV कैमरे बंद मिले, दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए तथा दवाओं का भंडारण निर्धारित तापमान पर नहीं पाया गया। इसके अलावा परिसर में स्वच्छता मानकों की भी अनदेखी मिली। विभाग ने इसे औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं नियमावली 1945 का स्पष्ट उल्लंघन माना।जनस्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए दोनों मेडिकल स्टोरों पर तत्काल प्रभाव से दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। वहीं एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी भेजी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित संचालक संतोषजनक स्पष्टीकरण और पूर्ण कानूनी अनुपालन प्रस्तुत नहीं करेंगे, तब तक प्रतिबंध जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गुणवत्ता के आधार पर 10 दवाओं के नमूने भी जांच के लिए राजकीय औषधि विश्लेषणशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षण ने कहा कि दवाओं के निर्माण, भंडारण और बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on whatsapp