बागेश्वर। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के नगर क्षेत्र स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई खाद्य आयुक्त, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी, बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन डिस्ट्रीब्यूटर और सप्लायर प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जो बाहरी जनपदों से खाद्य सामग्री मंगाकर स्थानीय विक्रेताओं को आपूर्ति करते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कारोबारियों को निर्देशित किया कि वे खाद्य सामग्री केवल पक्के बिल एवं परिवहन प्रपत्र के साथ ही मंगाएं। साथ ही एक्सपायर्ड अथवा वापसी योग्य सामग्री का पृथक अभिलेख संधारित करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर पनीर, एनालॉग क्रीम, फैट स्प्रेड तथा मिठाई मिक्स के कुल चार नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु खाद्य एवं औषधि विश्लेषक प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि होली के दौरान मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।








