logo

बसंत कुमार के बयान पर सवर्ण समाज में आक्रोश, एसबीआई तिराहे पर पुतला दहन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बागेश्वर तक पहुंच गया है। मामले में कांग्रेस नेता बसंत कुमार की कथित टिप्पणी को लेकर सवर्ण समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि हल्द्वानी के शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में बसंत कुमार ने भाजपा और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए दलित समाज को लेकर शुद्धिकरण संबंधी टिप्पणी की। उनके बयान को लेकर सवर्ण समाज के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई।
बयान सामने आने के बाद बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए और बसंत कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने बसंत कुमार का पुतला भी दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बसंत कुमार द्वारा लगातार सवर्ण समाज को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जातिगत वैमनस्य बढ़ाने वाली राजनीति को समाज स्वीकार नहीं करेगा।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी वर्ग या समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

Share on whatsapp