बागेश्वर।
ऐतिहासिक एवं पौराणिक उत्तरायणी मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं की सुगमता, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर दिनांक 13 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो रहे उत्तरायणी मेले के दृष्टिगत रविवार को भगवती वेंकेट पैलेस, बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके (आईपीएस) ने मेले में तैनात समस्त पुलिस बल एवं जोनल/सेक्टर प्रभारियों की ब्रीफिंग ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
2 जोन और 6 सेक्टर में विभाजित मेला क्षेत्र
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण मेला क्षेत्र को 02 जोन एवं 06 सेक्टर में विभाजित किया गया है। साथ ही 05 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं—
नुमाईशखेत मैदान चौकी (खोया-पाया केंद्र)
भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी
सरयू बगड़ पुलिस चौकी
जवाहर परिहार मैदान पुलिस चौकी
जल संस्थान, नया बाजार पुलिस चौकी
मेले के सम्पूर्ण प्रभारी क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्री अजय शाह को बनाया गया है।
ड्रोन, 66 सीसीटीवी और सादे वस्त्रों में पुलिस
मेले के दौरान ड्रोन कैमरों एवं 66 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। अराजक एवं अवांछनीय तत्वों पर निगरानी के लिए सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
भारी पुलिस बल, PAC, SDRF और फायर टीम तैनात
मेले की सुरक्षा व्यवस्था में—
01 कंपनी PAC
बाहरी जनपदों से प्राप्त पुलिस बल
यातायात पुलिस
बम डिस्पोजल दस्ता
SDRF की टीमें
05 फायर यूनिट
स्नान घाटों पर जल पुलिस
महिलाओं के लिए महिला पुलिस बल तैनात किया गया है।
यातायात पर सख्ती, 4 बैरियर स्थापित
मेला क्षेत्र में यातायात नियंत्रण हेतु 04 बैरियर लगाए गए हैं। अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का मेला क्षेत्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। अनुमति प्राप्त वाहनों को ही शहरी क्षेत्र में प्रवेश दिया जाएगा, शेष वाहनों को बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा।
‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ के संकल्प के साथ पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान शालीनता, दृढ़ता और संवेदनशीलता का परिचय दें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान उपजिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका रानी, क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय लाल शाह, क्षेत्राधिकारी कपकोट मनीष शर्मा, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा विमल प्रसाद, कोतवाली प्रभारी अनिल उपाध्याय, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित प्रशासनिक अधिकारी और मेला ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।








