बागेश्वर में अचानक बदले मौसम ने एक शादी समारोह की खुशियों पर पानी फेर दिया। डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले महिला संगीत और विवाह कार्यक्रम की भव्य तैयारियां तेज आंधी और बारिश के चलते पूरी तरह बिखर गईं। जानकारी के अनुसार, मैदान में बड़े स्तर पर टेंट, साज-सज्जा और किचन की व्यवस्था की गई थी। महिला संगीत कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से सजावट की गई थी और मेहमानों के स्वागत की पूरी तैयारी थी। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी इतनी प्रबल थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा टेंट उखड़कर उड़ गया। किचन के लिए लगाए गए टीन, बर्तन और अन्य सामग्री भी हवा में बिखर गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी-अपनी सुरक्षा में जुट गए। इस घटना में सबसे अधिक नुकसान टेंट व्यवसायी को उठाना पड़ा। टेंट व्यवसायी जगदीश कार्की ने बताया कि टेंट, पर्दे, लोहे के ढांचे, टीन और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह नुकसान उनके लिए आर्थिक रूप से काफी बड़ा झटका है। आयोजकों के लिए भी यह स्थिति बेहद निराशाजनक रही, क्योंकि लंबे समय से चल रही तैयारियां कुछ ही पलों में बर्बाद हो गईं। हालांकि, इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि इन दिनों बेमौसम बारिश और तेज हवाएं लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही हैं। जिले में मौसम के अचानक बदलने से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।








