logo

उपलब्ध संसाधनों से रोजगार सृजन पर होगा फोकस : अर्पणा पांडे

खबर शेयर करें -

जनपद बागेश्वर की नवागत जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सुविधाएं अपेक्षाकृत कम हैं, ऐसे में मूलभूत समस्याओं के समाधान और व्यवस्थाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बागेश्वर उनका ननिहाल जिला होने के कारण इस जनपद से उनका विशेष जुड़ाव है और यहां की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। वर्ष 2018 बैच की अधिकारी अपूर्वा पांडेय इससे पूर्व रानीखेत, रुड़की, देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर दायित्व निभा चुकी हैं तथा अपर सचिव पेयजल के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से रोजगार सृजन के कार्य किए जाएंगे और स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधनों को बढ़ाने के प्रयास होंगे, ताकि पलायन की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि पेयजल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। जल जीवन मिशन के तहत लंबित धनराशि शीघ्र प्राप्त होने की उम्मीद है, जबकि लंबित पेयजल योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। बागेश्वर नगर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई योजना प्रस्तावित की गई है और पूरे शहर के लिए अलग एवं दीर्घकालिक पेयजल योजना तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को सरकार की प्राथमिकताओं में बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए रिक्त पदों को भरने के प्रयास किए जाएंगे तथा प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था प्रदेश में बेहतर स्थान रखती है और इसे और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य होगा। जिलाधिकारी ने स्थानीय उपज आधारित खेती को बढ़ावा देने, ग्रामीण उद्यमिता आधारित योजनाओं को प्राथमिकता देने और जिले में उभर रही प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार तथा जंगली जानवरों से खेती को होने वाले नुकसान के समाधान के लिए परीक्षण आधारित बदलावों पर भी काम करने की बात कही। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए प्रशासन सभी विभागों के समन्वय से कार्य करेगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।

Share on whatsapp