logo

पूर्व प्रधान से 30.50 लाख की कथित ठगी, फर्जी खातों और निवेश के नाम पर जालसाजी का आरोप

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: महरूड़ी गांव के पूर्व प्रधान के साथ लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पेंशन फाइल, आरबीआई में खाते खुलवाने, फिक्स डिपॉजिट और अन्य वित्तीय प्रक्रियाओं के नाम पर उन्हें झांसे में लेकर बड़ी रकम हड़प ली गई। जानकारी के अनुसार, महरूड़ी के पूर्व प्रधान खुशाल सिंह ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने आरबीआई में अलग-अलग खाते खुलवाने, पेंशन फाइल एवं पेंशन नॉमिनी पास कराने, फिक्स डिपॉजिट, सर्विस एवं इनकम टैक्स संबंधी कार्य, फंडिंग स्विच कराने तथा कथित व्यवसाय दिखाने के नाम पर उनसे संपर्क किया। आरोप है कि इस दौरान उनके नाम से तीन बैंक खाते खुलवाए गए और उनके एटीएम कार्ड, पिन तथा चालू सिम कार्ड दिल्ली मंगवाए गए। पीड़ित का आरोप है कि इन प्रक्रियाओं के बहाने उनसे कुल 30 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई। मामले का खुलासा होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल शाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते, एटीएम, पिन, ओटीपी या सिम कार्ड की जानकारी साझा न करें और निवेश या सरकारी काम कराने के नाम पर मांगी जा रही धनराशि को लेकर सतर्क रहें।

Share on whatsapp