बागेश्वर। नुमाइशखेत मैदान में स्वर्गीय चंदन राम दास की स्मृति में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को खेल प्रेमियों के भारी उत्साह के बीच शानदार आगाज हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला मुंबई बीएनएफसी और मुनस्यारी की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में मुंबई बीएनएफसी ने शानदार रणनीति और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुनस्यारी को 2-0 से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने गोल करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन मुंबई बीएनएफसी ने मिले मौकों को बेहतर तरीके से भुनाते हुए दो गोल दागे और मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण नारों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
मैच में रेफरी भूपाल नेगी और सनम पुन ने निष्पक्षता और अनुशासन के साथ निर्णायक की भूमिका निभाई।
उद्घाटन अवसर पर क्लब अध्यक्ष मनोज कपकोटी, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साह, कुलदीप मेहरा, कमल साह जगाती, धीरज मेहरा, रमेश तिवारी, शशांक कांडपाल, किशन सोनी, सुल्तान खान और गोविंद बल्लभ उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार, ऑल इंडिया टूर्नामेंट में देश की कई प्रतिष्ठित फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1,51,000 रुपये की नकद धनराशि और उपविजेता टीम को 51,000 रुपये के नकद पुरस्कार के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। टूर्नामेंट के सफल संचालन की जिम्मेदारी महेश पंत और आकाश कुनाल संभाल रहे हैं।
आने वाले दिनों में नुमाइशखेत मैदान पर देश की विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।







