बागेश्वर: जनपद बागेश्वर में लगभग 15 वर्ष बाद आयोजित बहुद्देशीय विधिक साक्षरता, चिकित्सकीय एवं जन-जागरूकता शिविर में लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ा। पंडित बद्रीदत्त पांडे परिसर में आयोजित इस विशाल शिविर में जिले के विभिन्न विभागों ने एक ही छत के नीचे आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी तथा न्यायमूर्ति आलोक माहरा ने किया। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों की व्यापक सहभागिता रही। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रवीण कुमार मणि ने बताया कि शिविर में जिला प्रशासन, पुलिस, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, जिला पूर्ति, ग्राम्य विकास, जिला पंचायत राज, उद्योग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, उरेडा, उद्यान, पर्यटन, सैनिक कल्याण, मत्स्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जल संस्थान सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी शिकायतों और समस्याओं का भी निस्तारण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिता कुमारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच और दवा वितरण की व्यवस्था की गई। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए तथा समाज कल्याण विभाग और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी एवं लाठी भी प्रदान की गई। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों का पंजीकरण किया गया तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया। इस बहुद्देशीय शिविर का उद्देश्य आमजन को विधिक जानकारी उपलब्ध कराना, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। हमें खुशी है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण और जरूरतमंद लोग शिविर में पहुंचे और विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।
लाभार्थियों ने बताया उपयोगी रहा शिविर
शिविर में पहुंचे लाभार्थीयो ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जानकारी मिलने से लोगों को काफी सुविधा हुई। उन्होंने बताया कि कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई, जिसका भविष्य में लाभ मिलेगा।
विधिक साक्षरता शिविर बेहद उपयोगी साबित हुआ है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं और स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बता दे कि करीब डेढ़ दशक बाद आयोजित इस बहुद्देशीय शिविर ने न केवल लोगों को विधिक जागरूकता प्रदान की, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। भारी जनसहभागिता ने शिविर की सफलता को दर्शाया।








