logo

इण्डोर स्टेडियम बागेश्वर में 1 जून से सजेगा ‘विशेष बाल योग संस्कार शिविर,बच्चों को सिखाए जाएंगे जीवन जीने के गुर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। पतंजलि योगपीठ एवं भारत स्वाभिमान मंच बागेश्वर के तत्वावधान में आगामी 01 जून 2026 से 15 जून 2026 तक स्थानीय इण्डोर स्टेडियम, बागेश्वर में एक भव्य ‘विशेष बाल योग संस्कार शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों और युवाओं के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। योग कक्षाओं का संचालन प्रातः काल 5:00 से 6:00 बजे के बीच किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए राज्य सह-प्रभारी श्री केवलानन्द योगी जी ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और युवाओं को योग व प्राणायाम के नियमित अभ्यास से जोड़ना है। इसके माध्यम से उन्हें एक सकारात्मक जीवन जीने की कला में पारंगत बनाया जाएगा। शिविर के दौरान प्रतिदिन योग, प्राणायाम साधना के साथ-साथ इनसे होने वाले चमत्कारी स्वास्थ्य लाभों की पूरी जानकारी भी विस्तार से दी जाएगी।”
शिविर को रोचक और प्रेरणादायी बनाने के लिए इसके समापन पर इससे संबंधित एक विशेष परीक्षा सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान अनुशासित रहने वाले और इस परीक्षा में उत्कृष्ट व नियमित प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कारों से नवाजा जाएगा, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो सके।
शिविर को और अधिक संस्कारवान बनाने के लिए इसमें आध्यात्मिक गतिविधियों को भी जोड़ा गया है। पंतजलि परिवार के नियमित योग साधक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने बताया कि शिविर में केवल शारीरिक कसरत ही नहीं होगी, बल्कि बच्चों के नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिदिन योग साधकों को भगवद्गीता के श्लोकों के वाचन का भी सघन अभ्यास करवाया जाएगा। पतंजलि परिवार बागेश्वर ने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Share on whatsapp