logo

योग दिवस से पहले बागेश्वर में योग जागरूकता अभियान का आगाज, रेडक्रॉस भवन में सामूहिक योगाभ्यास

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : आयुष विभाग एवं भारतीय रेड क्रॉस समिति ने मिलकर शुरू किया जन-जागरूकता आंदोलन, रेड क्रॉस भवन में हुआ सामूहिक योगाभ्यास। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जनपद बागेश्वर में योग जागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने हेतु आयुष विभाग जनपद बागेश्वर एवं भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ आज भारतीय रेड क्रॉस समिति के भवन में आयोजित योग कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है। कार्यक्रम में योगगुरु केवलानंद जोशी द्वारा योग के सामान्य प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, शवासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं ध्यान क्रियाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक द्वारा बताया गया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को रोगमुक्त रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने एवं जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की वह जीवन पद्धति है, जिसके माध्यम से व्यक्ति निरोगी काया, स्वस्थ मन एवं संतुलित जीवन प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वस्थ होगा तभी समाज एवं राष्ट्र भी समृद्धि की ओर अग्रसर होगा, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के जनपद नोडल अधिकारी डॉ. एजल पटेल ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा योग को दैनिक जीवन के अनुशासन के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जब हजारों लोग एक साथ योग करेंगे तो वह भारतीय संस्कृति एवं स्वास्थ्य चेतना का एक प्रेरणादायी दृश्य होगा। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने आमजन से योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों एवं मानसिक तनाव से मुक्ति पाने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजित होने वाले योग शिविरों एवं कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर के चेयरमैन इन्द्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि समिति द्वारा योग दिवस तक लगातार विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस समिति का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना भी है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आयोजित योग रील प्रतियोगिता के परिणाम भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर घोषित किए जाएंगे तथा विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से योग को आधुनिक जीवन की आवश्यकता बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन रेड क्रॉस ललित जोशी, डॉ. हरीश दफौटी, वेद प्रकाश पांडे, हिमांशु चौबे, गणेश पांडे, कैलाश प्रकाश चंदोला, सुनीता टम्टा, सरिता पपोला, रजनी बिष्ट, कन्हैया वर्मा, मनोज पाठक, विपिन पाठक एवं भारतीय रेड क्रॉस समिति के कई स्वयंसेवियों के साथ आयुष विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आलोक पांडे द्वारा किया गया।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रुड़की के बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर में बाढ़ राहत कार्यों के लिए संयुक्त अभ्यास आयोजित किया गया
Ad
Share on whatsapp