logo

भालू के आतंक से घरों में कैद बदियाकोट के ग्रामीण, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। तहसील कपकोट के दूरस्थ ग्राम बदियाकोट के तोक पटाक में पिछले तीन वर्षों से भालू समेत अन्य जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। करीब 40 परिवारों की इस समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। भजन राम आर्या के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में भालुओं की लगातार बढ़ती सक्रियता के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर रात के समय ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है। कई परिवारों को अपने ही घरों में कैद होकर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्षों में भालुओं ने गांव के कई मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। इनमें गाय, बैल, बकरी, भैंस और बछड़े शामिल हैं। इसके अलावा जंगली जानवरों ने ग्रामीणों की मडुआ और राजमा की फसलों के साथ मधुमक्खी पालन के बक्सों को भी नुकसान पहुंचाया है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। और बताया कि वर्ष 2025 में एक भालू ने गांव की गौशाला की छत तोड़कर अंदर मौजूद गाय और बैल को मार दिया था। इसके बाद भी भालू की आवाजाही लगातार बनी हुई है। जुलाई 2026 में प्राथमिक विद्यालय के समीप भालू दिखाई दिया था, जबकि इसी अगस्त माह में विजय सिंह के मकान के पास भी भालू देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर पूर्व में क्षेत्रीय विधायक से भी भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने का आग्रह किया गया था, लेकिन अब तक वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने मांग की कि जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए गांव में तत्काल पिंजरा लगाकर भालू को पकड़ा जाए। साथ ही जंगली जानवरों से नष्ट हुई फसलों और मधुमक्खी पालन को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान प्रेम सिंह दानू,मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण के विरोध में कपकोट में कांग्रेस ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
Ad Ad
Share on whatsapp