बागेश्वर। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग पर शनिवार को भौराधार के पास इंडेन गैस सिलेंडरों से भरा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान वाहन में सवार तीन लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार कपकोट गैस एजेंसी से 100 गैस सिलेंडर लेकर वाहन संख्या यूके-02-सीए-0828 कर्मी की ओर जा रहा था। सरण भौराधार के पास गैस वितरण के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान वाहन अचानक नीचे खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन को रोकने के लिए सड़क पर पत्थर आदि नहीं लगाए गए थे।
हादसे के समय वाहन में देव राम, रघुवर सिंह समेत तीन लोग सवार थे। वाहन के खाई में गिरते ही तीनों ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद सिलेंडरों का वितरण किया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







