बागेश्वर। क्षेत्र पंचायत संगठन की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और पंचायत प्रतिनिधियों की लंबित मांगों पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। बैठक एवं चुनाव की अध्यक्षता ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार ने की। चुनाव में सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन होने पर प्रतिनिधियों ने संगठन की एकजुटता पर जोर दिया।
निर्विरोध चुनाव में निर्मल साह को ब्लॉक अध्यक्ष, मनीष कुमार को सचिव, सुनील जोशी को महामंत्री तथा बहादुर बिष्ट को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा भगवान भंडारी और दीपा देवी को संरक्षक, कविता बोरा और हरीश चौबे को उपाध्यक्ष, फते सिंह करायत को संयोजक, गोपाल दत्त भट्ट को प्रवक्ता, ज्योति परिहार को सह कोषाध्यक्ष, भारती रावत को महासचिव, कुशाल धनिक को विधिक सलाहकार तथा काजल आर्या को मीडिया प्रभारी बनाया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने आपसी सहमति और एकजुटता का परिचय दिया। नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष निर्मल साह ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सबसे प्रमुख मांग मानदेय की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य लंबे समय से मानदेय की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। पंचायत प्रतिनिधियों को क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, ऐसे में उन्हें उचित मानदेय मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा और सरकार के समक्ष क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार ने कहा कि संगठन के चुनाव पूरी तरह निर्विरोध और निर्विवाद रूप से संपन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि निर्विरोध चुनाव संगठन की एकता और आपसी विश्वास का प्रमाण है। सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र पंचायत संगठन प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को मजबूती से रखेगा और इनके शीघ्र समाधान की मांग करेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि क्षेत्र पंचायत संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के हितों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाएगा। संगठन क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मानदेय, विकास निधि में बढ़ोतरी और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से सरकार तक पहुंचाएगा। प्रतिनिधियों ने कहा कि मजबूत संगठन और आपसी एकजुटता के माध्यम से ही क्षेत्र पंचायतों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।








