logo

बागेश्वर में यूकेडी ने जिला कार्यालय का किया शुभारंभ, मजबूत जनाधार के दम पर संगठन विस्तार का दावा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : उत्तराखंड क्रांति दल ने बुधवार को बागेश्वर में अपने जिला कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यालय का उद्घाटन यूकेडी युवा केंद्रीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आशीष नेगी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और पहाड़ के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का पहाड़ में मजबूत जनाधार रहा है और आने वाले समय में संगठन को गांव-गांव तक और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य गठन की मूल भावना, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थानीय संसाधनों पर अधिकार जैसे मुद्दों को लेकर यूकेडी लगातार संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्षेत्रीय दल की भूमिका आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है तथा युवाओं को संगठन से जोड़कर जनआंदोलन को और मजबूत बनाया जाएगा। बैठक में संगठन विस्तार, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि बागेश्वर जनपद में पार्टी को जमीनी स्तर पर और सक्रिय बनाते हुए आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूकेडी ने प्रदेश भर में अभी तक साढ़े चार हजार से अधिक बूथों तक हम पहुंच चुके है वो भी बिना संसाधनों के। हम 26 वर्षों के उत्पीड़न को दूर करना सी चाहते है। उन्होंने कहा कि आज भी हम बुनियादी सुविधाओं के लिए लड़ रहे है। जबकि हरियाणा का पोस्टमैन तक यहां पहुंच चुका है। हम जय पहाड़ जय पहाड़ी के नारे को बुलंद करके रहेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज जोशी, केंद्रीय संरक्षक मंडल के सदस्य भूवन कांठपाल, जिला मंत्री मनोज जोशी, जिला महिला अध्यक्षा दीपा कनवाल, युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भास्कर बोरा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share on whatsapp