कपकोट। फुलवाड़ी-खाईंधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर सड़क संघर्ष समिति का सांकेतिक क्रमिक अनशन 14वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को सापुली गांव की निवासी हेमा देवी (40) और इंदिरा देवी (43) क्रमिक अनशन पर बैठीं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की मांग उठाए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने 13 जुलाई 2026 से दस चरणों में आंदोलन शुरू किया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा और इसके अलावा किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि आंदोलन के कारण उन्हें अपने घर-गृहस्थी और पालतू पशुओं की देखभाल में भी परेशानी हो रही है। रखवाली प्रभावित होने के कारण गुलदार द्वारा दिन में ही बकरियों और कुत्तों को निवाला बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं जंगली जानवरों ने किचन गार्डन, फलों और खेतों को भी नुकसान पहुंचाया है।
इसके बावजूद ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि सड़क उनके क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है। सड़क बन जाने के बाद वे दोबारा अपनी खेती-बाड़ी और घर-गृहस्थी व्यवस्थित कर लेंगे।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू, सचिव करम सिंह दानू, संरक्षक चरण सिंह बघरी, उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू, भवान सिंह, तारा धामी, बबीता देवी, मोहनी देवी और रेवती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
संघर्ष समिति फुलवाड़ी, फुलाचौंरा, थलीधार, खाईंधार, सापुली, गुठण और ठांगधार के ग्रामीणों की ओर से सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।








