बागेश्वर : राजकीय शिक्षक संघ जिला इकाई का जिला अधिवेशन एवं शिक्षक उन्नयन गोष्ठी ऑडोटोरियम में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या को लेकर गहन चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से किया गया। राइका बागेश्वर के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। गोष्ठी का विषय सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या, कारण एवं निवारण रखा गया। इस पर शिक्षकों ने अपने सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और अभिभावकों में विश्वास जगाकर ही छात्र संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करना होगा। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में छात्रसंख्या बढ़ाने के लिए सभी को मिलजुल कर प्रयास करना होगा। इसमें शिक्षक अभिभावक संघ की भूमिका अहम होगी।
————-
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के डाइट प्राचार्य कुंदन सिंह रावत, दीप चंद्र जोशी प्रधानाचार्य राइंका बागेश्वर, पूर्व मंडलीय अध्यक्ष विजय गोस्वामी, राजू पूना, ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश नगरकोटी, जिला अध्यक्ष गोपाल दत्त पंत, जिला मंत्री देवेंद्र सिंह मेहता आदि ने शिक्षक हितों, संगठन की मजबूती और सेवा संबंधी समस्याओं पर अपने विचार रखे। महिला उपाध्यक्ष उमा लोहनी, जिला कोषाध्यक्ष मोहन चंद्र साह, संरक्षक नूर अफ़ज़ल, जिला संगठन मंत्री भुवन जोशी, अंजू कालाकोटी, मीडिया प्रभारी मिलिंद बिष्ट सहित तीनों विकासखंडों के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन मंत्री भुवन जोशी ने किया।
—————
18 को होंगे प्रांतीय चुनाव
जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत ने बताया कि राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। यह आयोजन राइंका बागेश्वर में होगा। उन्होंने सभी पात्र शिक्षकों से मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।








