logo

तेलीहाट में जल जीवन मिशन को झटका, कनेक्शन से पहले ही चोरी हुई महंगी बिजली तार

खबर शेयर करें -

देहरादून से मंगाई गई 55 मीटर थ्री-फेस वायर पर चोरों ने किया हाथ साफ, पुलिस जांच में जुटी

गरुड़। विकासखंड क्षेत्र के तेलीहाट गांव में संचालित जल जीवन मिशन योजना को उस समय बड़ा झटका लगा, जब योजना के अंतिम चरण में कनेक्शन से पहले ही महंगी बिजली की तार चोरी हो गई। घटना के बाद गांव में योजना से पेयजल आपूर्ति शुरू होने को लेकर संशय की स्थिति पैदा हो गई है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, तेलीहाट गांव में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना अपने अंतिम चरण में थी। विभाग द्वारा दो दिन पूर्व देहरादून से इलेक्ट्रिक थ्री-फेस वायर मंगाई गई थी। बताया जा रहा है कि करीब 55 मीटर लंबी तार को बिछाया भी गया था और रविवार को उसमें कनेक्शन होना था।
लेकिन शनिवार रात अज्ञात चोरों ने मौके से पूरी बिजली तार चोरी कर ली। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। चोरी की वजह से योजना का कार्य एक बार फिर प्रभावित हो गया है।
ग्राम प्रधान पूजा मेहरा ने बताया कि चोरी हुई तार काफी महंगी थी और इसे विशेष रूप से योजना के लिए मंगाया गया था। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, ताकि जल्द आरोपियों का पता लगाया जा सके।
वहीं, जल संस्थान से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि तार देहरादून से मंगाई गई थी, ऐसे में नई वायर की व्यवस्था होने तक योजना के संचालन में देरी हो सकती है। इससे ग्रामीणों को पेयजल सुविधा मिलने में और इंतजार करना पड़ सकता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द घटना का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Share on whatsapp