अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, ट्रायल रहेगा निशुल्क
बागेश्वर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर की एक महत्वपूर्ण बैठक में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा आयोजित किए जाने वाले मीडियम पेसर टैलेंट हंट को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस पहल के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले से प्रतिभाशाली मीडियम पेसर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बागेश्वर जिले में मीडियम पेसर टैलेंट हंट का आयोजन 30 मई 2026 को ऑयन क्रिकेट एकेडमी, मंडलसेरा में किया जाएगा। इस ट्रायल में अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों की गेंदबाजी प्रतिभा का मूल्यांकन उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के चयनकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के अध्यक्ष राम पाण्डेय ने बताया कि प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को अपने आवश्यक दस्तावेजों एवं एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 30 मई को प्रातः 8:30 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल पूरी तरह निशुल्क रहेगा और इसका उद्देश्य जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है। बैठक में कहा गया कि इस प्रकार के टैलेंट हंट से जिले के उभरते क्रिकेटरों को मंच मिलेगा और भविष्य में उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्राप्त हो सकेगा। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व सहसचिव सुरेश सोनियाल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के सचिव रमेश दानू, संरक्षक हरीश रावल, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र परिहार, सहसचिव प्रदीप गढ़िया, उपाध्यक्ष रमेश लोहनी, सदस्य मनोज ओली और कमल बिष्ट सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।








