logo

विवाहिता ने पति व ससुर पर लगाए उत्पीड़न के आरोप, जीरो एफआईआर पिथौरागढ़ पुलिस को ट्रांसफर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुर पर शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपने ससुर पर छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया है। महिला की तहरीर पर कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। मामला पिथौरागढ़ जनपद से संबंधित होने के कारण एफआईआर को अग्रिम कार्रवाई और विवेचना के लिए पिथौरागढ़ पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को रवाईखाल निवासी विवाहिता ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर दी। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति विनय जोशी और ससुर महेश चंद्र जोशी, निवासी ग्राम टकौरा, पोस्ट एंचोली, जनपद पिथौरागढ़, लंबे समय से उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
तहरीर में महिला ने अपने ससुर पर उसके साथ छेड़खानी करने तथा दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली बागेश्वर में महेश चंद्र जोशी और विनय जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 64(1), 62, 352, 351(2) और 85 के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, घटना का क्षेत्राधिकार पिथौरागढ़ जनपद से संबंधित है। ऐसे में विधिक प्रक्रिया के तहत जीरो एफआईआर को अग्रिम विवेचना और आवश्यक कार्रवाई के लिए पिथौरागढ़ पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब मामले की जांच पिथौरागढ़ पुलिस करेगी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित जनपद की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश के अलर्ट पर बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 29 जुलाई को रहेंगे बंद
Ad
Share on whatsapp