logo

ड्यूटी के दौरान आईटीबीपी जवान कविंद्र राम का निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले के भनार क्षेत्र निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान कविंद्र राम का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जवान के असमय निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पटोरी पहुंचा, जहां से सम्मान के साथ अंतिम यात्रा बागेश्वर सरयू घाट में पहुंची।
26 वर्षीय कविंद्र राम पुत्र भीम राम आईटीबीपी की 58वीं बटालियन में कमांडो के पद पर तैनात थे। वर्ष 2025 में भर्ती होने के बाद उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। गुरुवार को जब उनका पार्थिव शरीर बागेश्वर पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के पिथौरागढ़ मिर्थी से पहुंचे जवानों के दस्ते ने सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में उन्हें अंतिम सलामी दी। सरयू-गोमती संगम तट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने बताया कि कविंद्र राम अविवाहित थे। परिवार में उनके अलावा एक भाई है। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  युवा खेल महोत्सव और संवाद कार्यक्रमों से युवाओं को जोड़ेगा भाजयुमो, हर बूथ पर तैयार होंगे 20 युवा कार्यकर्ता
Ad
Share on whatsapp