बागेश्वर: कपकोट–वालीघाट रोड पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब वालीघाट के पास सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी वाहन पर अचानक विशाल तून का पेड़ गिर गया। घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सड़क पर यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वाहन में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) से सूचना मिलने पर फायर स्टेशन बागेश्वर की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के निर्देशन में फायर रेस्क्यू यूनिट आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। मौके पर देखा गया कि सुरकाली निवासी भुवन सिंह की मारुति एक्सप्रेसो टैक्सी (UK02 TA-2827) सड़क किनारे खड़ी थी, जिस पर अचानक तून का विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से टैक्सी का फ्रंट बम्पर, ग्रिल, बोनट, दोनों हेडलाइट, विंडशील्ड और रूफ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फायर रेस्क्यू यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वुडन कटर मशीन की मदद से पेड़ को काटकर वाहन से हटाया और सड़क किनारे कर यातायात को सुचारू किया। विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू टीम में केदार सिंह, रमेश सिंह बंगारी, दीपक दानू, अंजना, लोकेश और काजल शामिल रहे। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।








