logo

बाझीरौठ में महिला की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट, ट्रैप कैमरा और पिंजरा लगाया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के बाझीरौठ में महिला की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि महिला की मौत गुलदार के हमले से हुई है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभाग को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
ग्रामीणों में गुलदार की मौजूदगी को लेकर बने भय और आशंका को देखते हुए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में ट्रैप कैमरे और पिंजरा स्थापित कर दिया है। विभाग की टीम कैमरों के माध्यम से क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
वन विभाग का कहना है कि यदि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता कैमरों में दर्ज होती है तो उसके आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने, अकेले जंगल की ओर न जाने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Share on whatsapp