logo

दिशा बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : केंद्रीय राज्यमंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, भारत सरकार श्री अजय टम्टा ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र पोषित एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएमजीएसवाई, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं सामाजिक पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मा0 मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए के दो लेन चौड़ीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रभावितों को भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर सड़क निर्माण पूर्ण करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अंधे मोड़ों के सुधार के निर्देश दिए।
वन भूमि से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से राइट ऑफ वे (मार्ग अधिकार) प्राप्त कर प्रभागीय वनाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी को नियमित रूप से सीएचसी एवं पीएचसी का निरीक्षण करने तथा गांवों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए ।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी का रोमांच, कथायतबाड़ा ने स्टेडियम ट्रेनीज को 3-2 से हराया

इसके अतिरिक्त प्रभागीय वनाधिकारी को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई करने तथा कार्यरत महिलाओं के लिए प्रस्तावित दो हॉस्टलों हेतु समाज कल्याण विभाग को प्रस्ताव तैयार कर भूमि चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। सभी खंड विकास अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने, साथ ही हर गांव में सड़क, जल एवं विद्युत सुविधा की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बीएसएनएल को नेटवर्क संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु फील्ड विजिट कर कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश भी दिए ।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर : 31 अगस्त को जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि कीवी मिशन के अंतर्गत पिछले वर्ष लगभग 1100 कुंतल उत्पादन तथा पिछले छह वर्षों में 125 कुंतल कुटकी उत्पादन किया गया है। औषधीय गुणों से युक्त काले धान की खेती के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत मिल रही है। मनरेगा के अंतर्गत चालू वर्ष में 5.40 लाख मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के तहत वर्ष में 118 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इंटरमीडिएट में गीतिका पंत ने प्रथम स्थान हासिल किया।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में आंदोलन स्थल को लेकर संगठनों में नाराजगी, सुझाव लेकर स्थल तय करने की मांग

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या,बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गाड़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह विष्ट, दर्जा राज्य मंत्री भुपेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा,प्रभागीय वनाधिकारी आदित्या रत्ना,मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp