बागेश्वर: सहकारी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड बागेश्वर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान समिति के कार्यों और भावी योजनाओं को लेकर सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। स्वागत समारोह के बाद समिति के संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई। जिसमें विकास योजनाओं, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इस बात पर विशेष मंथन हुआ कि जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचाया जाए और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किस प्रकार के प्रयास किए जाएं। समिति की अध्यक्ष मोहिनी पांडे ने कहा कि समिति सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिल सके। समिति के उपाध्यक्ष मोहीऊद्दीन तेवाड़ी ने कहा कि सहकारी समितियों का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और पारस्परिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में छोटे व्यवसायों एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं पर कार्य करेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। बैठक में आतिर तेवाड़ी, पुष्पा साह, जगदीश उपाध्याय, भुवन जोशी, संजय साह जगाती तथा सचिव दिनेश शाह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।








