हल्द्वानी : दिल्ली लाल किला ब्लास्ट की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को उत्तराखंड से बड़ी अहम लीड मिली है। इसी सुराग के आधार पर NIA की टीम ने हल्द्वानी शहर में कई स्थानों पर देर रात छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक NIA ने हल्द्वानी के वनभूलपुरा इलाके से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनका कनेक्शन इस मामले के संदिग्ध आतंकी उमर से जुड़ता पाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आतंकी उमर की कॉल डिटेल खंगालने पर हल्द्वानी लिंक उजागर हुआ। इसके बाद NIA, दिल्ली पुलिस, एलआईयू और जिला पुलिस की संयुक्त टीम हल्द्वानी पहुंची और वनभूलपुरा स्थित एक मस्जिद में देर रात छापा मारा।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी को मस्जिद के इमाम से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर इमाम को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही टीम एक अन्य व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई है।
हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि हल्द्वानी पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस सूत्रों की पुष्टि है कि संदिग्धों का कनेक्शन दिल्ली ब्लास्ट केस से जुड़ा हुआ है।
दिल्ली लाल किला ब्लास्ट की जांच अब उत्तराखंड के हल्द्वानी तक पहुँच चुकी है,देर रात हुई NIA की बड़ी कार्रवाई से शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।








