logo

नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसबीआई तिराहे पर फूंका सरकार का पुतला

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बागेश्वर जिला कांग्रेस कमेटी का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व हुए प्रदर्शन में उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होना देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन मेहनत और आर्थिक परेशानियों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के सामने पहले ही सीमित अवसर हैं और ऐसे मामलों से उनमें निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर युवाओं के हित में सख्त कदम उठाने की मांग भी की। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, लोकमणि पाठक, गोकुल परिहार, सुरेश खेतवाल,ललित गोस्वामी, विनोद पाठक, गौरव आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सफाई कर्मचारियों के क्रमिक अनशन को कांग्रेस का समर्थन,पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने भी दिया धरना
Ad
Share on whatsapp