logo

केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष और अन्य व्यापारियों से मारपीट मामले में कार्रवाई न होने पर व्यापारियों में आक्रोश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गोकुल जोशी और अन्य व्यापारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में आक्रोश है। आज व्यापारियों ने नगर अध्यक्ष सूरज जोशी के नेतृत्व में सीओ अजय शाह का घेराव कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने कहा कि घटना को करीब दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग की अनदेखी की गई तो प्रदेश स्तर पर व्यापारी आंदोलन के लिए लामबंद होंगे। विरोध के स्वरूप व्यापारियों ने एसबीआई तिराहे पर सांकेतिक चक्का जाम भी किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सीओ अजय शाह ने व्यापारियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले में कार्रवाई जारी है और पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। साक्ष्यों से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद व्यापारी शांत हुए। इस दौरान सचिव देवेंद्र अधिकारी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, महेश खेतवाल, नवीन शाह, डब्बू मेहता, गिरीश बिष्ट, हरीश सोनी, नरेंद्र खेतवाल, मदन हरड़िया, गोकुल जोशी और हर्ष मेहरा समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Share on whatsapp