बागेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बागेश्वर इकाई ने सोमवार को बद्री दत्त पांडे परिसर में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय एवं परिसर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पांच प्रमुख मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
एबीवीपी ने मांग की कि बीए प्रथम सेमेस्टर में हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास एवं समाजशास्त्र विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश मिल सके। साथ ही बीए, बीएससी और बीकॉम के पांचवें एवं छठे सेमेस्टर की स्पेशल बैक परीक्षाएं जल्द आयोजित की जाएं।
विद्यार्थी परिषद ने प्रवेश से वंचित छात्रों के हित में समर्थ पोर्टल को पुनः खोलने तथा प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों की फीस जमा करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की भी मांग की। इसके अलावा हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों का शीघ्र सुधार करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए संगठन को धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन भविष्य में और व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय एवं प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में छात्र नेता उमेश सिंह शाही, करन गड़िया, नमन पांडे, हरेंद्र दानू, खजान टंगड़िया, शिवानी परिहार, प्राची भाकुनी, मेघा भाकुनी, ललित गड़िया, उमेश मेहता, मुन्ना बिष्ट, विक्रम दानू, रोहित खोलिया, कमल गड़िया, डॉली कर्मियाल, निश्चय शाह, राजा गड़िया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








