बागेश्वर : चम्पावत में पूर्व भाजपा ब्लॉक मंडल अध्यक्ष एवं उसके साथियों पर नाबालिग युवती से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। यूथ कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार एवं पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार ने कहा कि भाजपा शासन में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाओं के खिलाफ घटनाएं चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो यूथ कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि नाबालिग के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है। फर्स्वाण ने कहा कि कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, कमलेश गढ़िया, राहुल बाराकोटी, गौरव परिहार, कैलाश नाथ, उम्मेद गढ़िया आदि मौजूद रहे








