logo

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विधायक कार्यालय का घेराव, मुख्य मार्ग पर लगा जाम

खबर शेयर करें -

कपकोट। कपकोट विधानसभा के अंतर्गत आने वाले फुलवाड़ी, फुलचौरा, खाईधार और थलीधार क्षेत्र के ग्रामीणों का सड़क निर्माण को लेकर गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने फुलवाड़ी से कपकोट तहसील तक ढोल-नगाड़ों के साथ पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद में विधायक कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने “सड़क कागजों पर नहीं, धरातल पर चाहिए” के नारे लगाते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी सीधे स्थानीय विधायक कार्यालय पहुंच गए और वहां घेराव कर जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग उठाई।
विधायक कार्यालय के बाहर भारी भीड़ जुटने से मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान कई स्कूल बसें और अन्य वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे यात्रियों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
धरना स्थल पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघर्ष समिति के संरक्षक एवं पूर्व शिक्षक ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से सड़क न होने की पीड़ा और सरकार की उदासीनता को बयां किया। वहीं, प्रदर्शन में शामिल बसती देवी ने कहा कि सड़क के अभाव का सबसे अधिक खामियाजा महिलाओं को उठाना पड़ता है। प्रसव और बीमारी के दौरान मरीजों को डोली में अस्पताल पहुंचाना आज भी मजबूरी बना हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता बिना काम शुरू हुए ही उद्घाटन समारोह कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई कार्य नहीं हुआ है।
आंदोलन के बढ़ते दबाव को देखते हुए उपजिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और संबंधित विभाग की टीम को जल्द मौके पर भेजा जाएगा। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
हालांकि, ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। विधायक कार्यालय के घेराव और सड़क पर उतरे ग्रामीणों के आक्रोश ने क्षेत्र की राजनीति और प्रशासनिक तंत्र की चिंता बढ़ा दी है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  भूस्खलन से पोथिंग इंटर कॉलेज भवन ध्वस्त, विधायक ने किया निरीक्षण, जल्द नए भवन निर्माण का भरोसा
Ad
Share on whatsapp