थल -डीडीहाट मार्ग में कार के खाई में गिरी उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गयी। घटना शनिवार देर शाम की बतायी जा रही है। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गयी।
जानकारी के मुताबिक थल डीडीहाट मार्ग पर सफेद घाटी में पंत्याली के पास एक सेंट्रो कार शनिवार देर शाम लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की जानकारी अगले दिन सुबह तब पता चली जब बकरी चराने गए एक ग्रामीण ने पुलिस को कार में खाई में पड़े होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थल थानाध्यक्ष अंबी राम आर्या दलबल के साथ रेस्क्यू उपकरण लेकर घटनास्थल पर पहुंचें। पुलिस ने स्थानीय युवाओं की मदद से रेस्क्यू चलाकर गहरी खाई से शवों को निकाला। शवों की शिनाख्त सुरेंद्र सिंह रावत पुत्र आनंद सिंह रावत निवासी ग्राम दाफिला पिथौरागढ़ व सुनील सिंह बोरा पुत्र खड़क सिंह बोरा निवासी ग्राम दाफिला पिथौरागढ़ के रूप में हुयी। रेस्क्यू टीम ने बताया कि दोनों शव लगभग 200 मीटर की दूरी पर पड़े हुए थे।
थानाध्यक्ष आर्या ने बताया कि दाफिला गांव के सुरेंद्र सिंह रावत (30) और सुनील सिंह बोरा (24) आपस में दोस्त थे। शनिवार देर शाम कार से घूमने निकले थे। देर रात तक उनके नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा उनकी काफी खोजबीन की गयी थी। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। रविवार सुबह साढे नौ बजे बकरी चरा रहे व्यक्ति की नजर दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। उसने परिचित के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
मृतक सुरेंद्र सिंह रावत शिव फ्यूल्स पंप थल में कार्यरत था। उसका एक वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। जबकि सुनील सिंह बोरा पॉलीटेक्निक कालेज बांसबगड़ में द्वितीय वर्ष का छात्र था। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग भेज दिया गया है।
![](https://khabaruttarakhandlive.in/wp-content/uploads/2024/04/Ad-BridalMakeup-Neelam.jpeg)
![](https://khabaruttarakhandlive.in/wp-content/uploads/2024/01/Ad-GSISolar.png)