बागेश्वर। उत्तराखंड वन विभाग द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस क्रम में अब प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को सभी वन प्रभागों एवं रेंज कार्यालयों में ‘प्रभाग दिवस’ मनाया जाएगा।
यह जानकारी प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बागेश्वर आदित्य रत्न ने दी। उन्होंने बताया कि इसी निर्णय के तहत बागेश्वर वन प्रभाग के चिंतन मंथन सभागार प्रभागीय कार्यालय बागेश्वर में 27 दिसंबर 2025 को सुबह 11:00 बजे से प्रभाग दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि प्रभाग दिवस के दौरान आमजन से जुड़ी वन विभाग संबंधी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों पर सीधे संवाद किया जाएगा तथा प्राप्त मामलों का मौके पर अथवा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जनता और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि वन, वन्यजीव, मानव-वन्यजीव संघर्ष, वन भूमि, ईंधन, चारा, पेड़ कटान सहित अन्य विषयों से जुड़ी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके।
डीएफओ आदित्य रत्न ने बागेश्वर जनपद की समस्त जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रभाग दिवस में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे विभाग के समक्ष रखें और इस पहल का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जन-सुनवाई और समाधान की दिशा में एक सार्थक कदम है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक जनोन्मुखी बनाया जा सकेगा।








