कपकोट। फुलवारी–फुलाचौरा–खाईधार–थलीधार मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन 42वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर पहुंचे पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरीश ऐठानी ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर ग्रामीणों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
हरीश ऐठानी ने कहा कि 42 दिन से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि उनकी समस्या सुनने तक को तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को लगातार केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि सड़क निर्माण को लेकर धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग पूरी तरह जायज है और सरकार को अब आश्वासनों के बजाय सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू करना चाहिए।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष कैप्टन रतन सिंह दानू, संरक्षक चरण सिंह बघरी और उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू के नेतृत्व में ग्रामीणों का आंदोलन जारी है। इस दौरान राजेंद्र सिंह धामी और मोहन सिंह दानू अनशन पर बैठे।
आंदोलनकारियों ने कहा कि “सड़क कागजों में नहीं, धरातल पर चाहिए।” उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।








