बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अनुपमा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई (शुक्रवार) को जनपद बागेश्वर के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








