बागेश्वर। जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम का उदाहरण शुक्रवार को अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज, वज्यूला में देखने को मिला। भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर की ओर से विद्यालय में जूनियर रेड क्रॉस के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के सहयोग से वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
विशेष बात यह रही कि पौधारोपण उन चाल-खालों के आसपास किया गया, जिनका निर्माण विद्यालय परिसर में भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर के जनपद सचिव एवं भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडे के नेतृत्व में श्रमदान के माध्यम से किया जा रहा है। इन चाल-खालों का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भूजल स्तर को बढ़ाना और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है।
रेड क्रॉस की आजीवन सदस्य एवं शिक्षिका राजेश्वरी कार्की ने बताया कि चाल-खालों के आसपास पौधारोपण करने से संचित वर्षा जल की नमी पौधों को लंबे समय तक मिलती रहती है, जिससे उनके जीवित रहने और तेजी से विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की मजबूत जड़ें मिट्टी के कटाव को रोकने के साथ ही चाल-खालों को स्थायित्व प्रदान करती हैं और जल संरक्षण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक आर्य ने कहा कि लगभग 265 नाली भूमि में फैले विद्यालय परिसर को जैव विविधता के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय में रुद्राक्ष, पीपल, बरगद, देवदार, गोल्डन साइप्रस, एलोवेरा और चूड़ा समेत अनेक स्थानीय एवं उपयोगी प्रजातियों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर के जनपद सचिव आलोक पांडे ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी का अभियान है। जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी अपनी माँ के नाम पर लगाए गए पौधे की देखभाल करेगा और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखेगा।”
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता एवं भारतीय रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य राजीव कुमार मिश्रा, शिक्षिका राजेश्वरी कार्की, हरीश फर्स्वाण, शिवबरन राजपूत सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।








