बागेश्वर : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत सानीउडियार स्थित इंटर कालेज तथा उत्तरायणी मेला परिसर में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी ललित मोहन तिवारी ने की। दोनों शिविरों में कुल 41 जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविरों में 1527 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, बाल विकास, आपूर्ति, आधार एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सहित अन्य विभागों के स्टाल लगाए गए। सानीउडियार शिविर के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया। इस अवसर पर राज्य महिला उद्यमिता विकास परिषद की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट आदि उपस्थित थे।








