logo

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ का हुआ आयोजन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में आज न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ का सफल आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों से अंडर 14 से अंडर 19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
खेल महाकुंभ में न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों को विशेष महत्व दिया गया, जिनमें खो-खो, कबड्डी एवं मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने को कहा गया। इस दौरान कार्यक्रम के संयोजक दीप जोशी एवं जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। वही कार्यक्रम संयोजक दीप जोशी ने बताया कि खेल महाकुंभ के आयोजन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास हो रहा है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी को तीन सौ रुपया, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को दो सौ रुपया तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को एक सौ पचास रुपए की नकद धनराशि प्रदान की जा रही है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त जो टीम है या जो चयनित प्रतिभागी हैं वो आगामी 29 दिसंबर से शोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय पंडित बद्री दत्त पांडेय परिसर के क्रीड़ा मैदान में आयोजित होने वाली विधान सभा स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करेंगे। प्रतिभागी छात्रा अंजली मेर ने बताया कि यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित की जा रही है, जिसके बाद चयनित खिलाड़ी विधानसभा/सांसद स्तर एवं फिर मुख्यमंत्री स्तर की खेल महाकुंभ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

यह भी पढ़ें 👉  मंदिरों में चंदा चोरी के विरोध में कांग्रेस का मौन उपवास, निष्पक्ष जांच की मांग

आज की प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार हैं:

– खो-खो अंडर 14 बालिका वर्ग: स्टेडियम बागेश्वर की टीम विजेता रही तथा कंट्री वाइड पब्लिक स्कूल मंडलसेरा की टीम उपविजेता रही।
– खो-खो अंडर 14 बालक वर्ग: स्टेडियम की टीम विजेता तथा हाई स्कूल गेराड की टीम उपविजेता रही।
– कबड्डी बालक अंडर 14: राजकीय इंटर कॉलेज तुपेड की टीम विजेता तथा राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम उपविजेता रही।
– कबड्डी बालिका अंडर 14: कंट्री वाइड पब्लिक स्कूल मंडलसेरा की टीम विजेता तथा सैनिक हाई स्कूल बागेश्वर की टीम उपविजेता रही।

Share on whatsapp