बागेश्वर: जनपद के सानीउडयार क्षेत्र में माँ भद्रकाली महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी कांडा डॉ. ललित मोहन तिवारी ने की। यह महोत्सव अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है, जिसको लेकर आयोजन को भव्य और दिव्य स्वरूप देने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में महोत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ मिलकर लॉ एंड ऑर्डर, बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच देने और क्षेत्रीय संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष केवलानंद पांडे ने सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक सहयोग को अहम बताते हुए संबंधित मांगों को लेकर उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भी सौंपे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में देशी शिविरों के साथ-साथ बाहरी दुकानदारों, झूलों और अन्य आकर्षणों की भी व्यवस्था की जाएगी।
माँ भद्रकाली महोत्सव आगामी 14, 15 और 16 तारीख को आयोजित किया जाएगा, जिसे भव्य और आकर्षक बनाने के लिए समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बैठक के दौरान महोत्सव समिति के सदस्यों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। मौके पर सचिव दरपन सिंह, कोषाध्यक्ष गणेश सिंह, उपाध्यक्ष होशियार सिंह, माया नेगी, नरेंद्र राठौर, रमेश राम, नारायण सिंह धामी, रमेश बोरा, कुंदन धामी, कुंदन गैड़ा, भुवन बसखेती तथा प्रधानाचार्य भुवन पाठक सहित अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।








