बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह शिक्षा जगत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की विद्यालय के ही वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) नवल किशोर सोराड़ी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, सेज तहसील क्षेत्र के निवासी दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह अपने घर से विद्यालय के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक वाहन से पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले रास्ते में पहले से मौजूद क्लर्क नवल किशोर सोराड़ी ने उन पर अचानक चाकू से कई वार कर दिए। हमला इतना गंभीर था कि वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, जबकि आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वेतन और विभागीय विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात के बाद विद्यालय में शोक और दहशत का माहौल फैल गया। प्रशासन ने तत्काल विद्यालय में छुट्टी घोषित कर दी। वहीं, जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और स्थानीय लोग पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और हत्यारोपी की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की जघन्य घटना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दयानंद टम्टा वर्ष 2005 से GIC भटखोला में कार्यरत थे। करीब तीन वर्ष पहले उन्हें विद्यालय का प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया था। उनका मूल निवास बेहरगांव था, जबकि वर्तमान में वह सेज तहसील क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनकी पत्नी अनीता जूनियर हाईस्कूल अमशायरीकोट में शिक्षिका हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं। हत्यारोपी नवल किशोर सोराड़ी (40) अल्मोड़ा जिले के लंमगड़ा क्षेत्र का निवासी है। उसका लगभग दो वर्ष पहले बदियाकोट से GIC भटखोला में स्थानांतरण हुआ था। जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने पहले खंड शिक्षा अधिकारी आशाराम ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोप में उसका वेतन रोक दिया था। खरकटम्टा के प्रधान नवल किशोर टम्टा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग की। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने इसे अत्यंत हृदयविदारक घटना बताते हुए कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








