बागेश्वर : विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कापड़ी के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके प्रशासनिक योगदान, कार्यकुशलता और सौहार्दपूर्ण कार्यशैली की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नवागत मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
समारोह में बताया गया कि मुख्य विकास अधिकारी तिवारी का स्थानांतरण उपायुक्त परियोजना, ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी मुख्यालय के पद पर हुआ है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मृदुभाषी व्यक्तित्व, प्रभावी नेतृत्व, बेहतर समन्वय और परिणामोन्मुख कार्यशैली से प्रशासनिक व्यवस्था में विशिष्ट पहचान बनाई। वहीं परियोजना निदेशक शिल्पी पंत का स्थानांतरण परियोजना निदेशक, नैनीताल के पद पर हुआ है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने तीनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा की तथा नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
नवागत मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जो पूर्व में उपायुक्त परियोजना, ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी में कार्यरत थे, का भी आत्मीय स्वागत किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।








